
मुसाबनी : मुसाबनी प्रखंड की कुइलिसुता और पारुलिया पंचायत में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी अजय कुमार रजक की उपस्थिति में चौपाल का आयोजन किया गया. इस दौरान पर ग्रामीणों को मनरेगा के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और प्लांटेशन एवं रोजगार हेतु सभी को प्रोत्साहित किया गया. प्रखंड विकास पदाधिकारी सह-अंचलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी इच्छुक प्रवासी मजदूरों को अनिवार्य रूप से रोजगार उपलब्ध कराया जाए और सूखा राशन उपलब्ध कराया जाय. पंचायत के सभी गांव में मनरेगा के तहत पांच-पांच योजना चालू रखने का भी निर्देश दिया गया. कार्य स्थल पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सभी मजदूरों को मास्क लगाने के प्रति जागरूक करने को भी निर्देशित किया गया.पोटो हो बिरसा हरित क्रांति और नीलांबर-पीताम्बर जल समृद्धि योजना से संबंधित योजनाओं पर रोजगार सेवक और पंचायत सचिवों और मुखिया को फोकस करने को कहा गया ताकि मुसाबनी प्रखंड में आए हुए सभी प्रवासी मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके.इस अवसर पर एई, जेई, बीपीओ, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक को पंचायत स्तरीय संचालित सभी तरह की योजनाओं को कर्मठता पूर्वक सफल तरीके से संपादित करने का निर्देश दिया गया. चोपाल में कुइलिसुता पंचयात में कुल 64 प्रवासी मजदूरों में 34 मजदूर उपस्थित हुए जबकि पारुलिया पंचायत में 98 प्रवासी मजदूरों में 75 मजदूर उपस्थित हुए जिसमे 12 लोगो का जॉबकार्ड के लिए आवेदन प्राप्त हुआ.







