
जमशेदपुर : समाजसेवी स्वर्गीय केके सिंह की स्मृति में 28 जून को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में देश पर शहादत देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जायेगी। देश की सीमा की रक्षा करते हुए शहीद सैनिकों का स्मरण इस अवसर पर किया जायेगा, जिन्होंने देश की सीमा की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। ज्ञातव्य हो कि शहर के जाने माने समाजसेवी एवं रेड क्रॉस के पेट्रॉन स्व केके सिंह की पुण्यस्मृति में केके एजुकेशनल फाउण्डेशन द्वारा रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के सहयोग से 28 जून को प्रातः 9 बजे से संध्या 4 बजे तक रेड क्रॉस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है।

रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष व पेट्रॉन तथा केके एजुकेशनल फाउण्डेशन के अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि देश की रक्षा करने वाले जवान सीमा पर हैं तो हम सुरक्षित हैं। उनके त्याग और बलिदान को सम्मान देना हर नागरिक का कर्तब्य है। उन्होने आग्रह किया कि इस अवसर पर सभी युवा रक्तदान कर वीर शहीदों के बलिदान को नमन करें। उन्होने कहा कि शहीदों के सम्मान में रक्तदाताओं का मेला हम लगायें ताकि जिन शहीदों ने देशवासियों की सुरक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान किया, हम भी अपने रक्तदान से हर जरूरतमंद को नया जीवन देकर एक महान कर्तब्य को पूरा करें।






