धनबाद : केद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने धनबाद में परिवर्तन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, झारखंड में परिवर्तन की बयार चल रही है. राज्य से जेएमएम की सरकार को जाने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती है. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने तीसरी बार बीजेपी को चुना और नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाया. देश में बीजेपी की तीसरी बार सरकार बनी. रक्षा मंत्री ने देश की छवि पर कहा कि अंतर्राष्ट्रीय जगत में देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है. जहां पहले देश की बात नहीं सुनी जाती थी, लेकिन आज जब भारत बोलता है तो दुनिया सुनती है. धन दौलत अर्थवय्वस्था के मामले में भारत 5वें स्थान पर खड़ा हो गया है. 2027 तक भारत टॉप 3 में शामिल हो जाएगा. उन्होंने भारतीय वैज्ञानिकों की सफलता पर कहा कि भारत के वैज्ञानिकों ने आज चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव सफलता पाई है. उन्होंने कहा कि दुनिया में रुस और युक्रेन में लगातार 2 वर्षों से लड़ाई चल रही है. इस संकट में वहां फसे भारतीय विद्यार्थियों को बीजेपी ने बाहर निकालने का काम किया. उन्होंने जेएमएम सरकार पर निशाना साधते और झारखंड पर कहा कि झारखंड से भूखमरी, बेरोजगारी और गरीबी समाप्त होनी चाहिए. पिछली सरकारों का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा और रघुवर दास की सरकार ने झारखंड में जितना काम किया उतना इस जेएमएम की सरकार नहीं कर पाई. (नीचे भी पढ़ें)

आज यहां राज्य के सीएम को जेल की हवा खानी पड़ती है. क्या कारण है कि जेएमएम के सीएम बनते ही उनपर भ्रष्टाचार का आरोप लगते हैं. जेल की हवा खानी पड़ती है. भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाना क्या यह बहुत बड़ी कुर्बानी है? परिवर्तन यात्रा पर उन्होंने कहा कि बीजेपी की यह परिवर्तन नया इतिहास लिखने जा रही है. 15 नवंबर को झारखंड राज्य बने 24 वर्ष हो जाएगा. यह सुनहरा अवसर है. आप लोगों से अपील करने आया हूं. राज्य में राजनीति का नया इतिहास लिख दें. झारखंड में विकास की अपार संभावनाएं हैं, यहां संसाधनों की कमी नहीं है. यहां के लोग मेहनती है, परिश्रमी है, पसीना बहाने वाले हैं और आन बान शान पर आ जाए तो दो-दो हाथ करने वाले भी हैं. उन्होंने जेएमएम को घेरते हुए कहा कि पैसा कमाने वाली सरकार राज्य का विकास नहीं कर सकती. छत्तीसगढ़, उत्तराखंड का विकास तेजी से हो रहा है. क्या कारण है कि झारखंड का विकास नहीं हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि मैं एक टर्म की मांग नहीं कर रहा हूं, आप 10 वर्ष की झारखंड में सरकार दे दीजिए, यदि हम झारखंड को देश का विकसित राज्य न बनां दें तो अगली बार भारतीय जनता पार्टी को वोट मत देना. पिछले चुनाव में जनता ने जेएमएम को चुना. जनता आज ठगा हुआ महसूस कर रही है. जेएमएम की सरकार ने भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड कायम किए हैं. सीएम को जेल जाना पड़ा है. सीएम प्रदेश का नेता होता है और उस नेता को जेल की हवा खानी पड़े वह भी भ्रष्टाचार के आरोप में. राजनीति ऐसे नहीं चलती है, राजनीति लोक, लाज और मर्यादाओं के साथ चलती है. बिना लोक लाज के परिवार नहीं चल सकता, बिना लोक लाज के समाज नहीं चल सकता, बिना लोक लाज के प्रदेश और सरकार नहीं चल सकता. लेकिन जेएमएम ने लोक लाज और मर्यादाओं को किनारे कर दिया है. दस वर्ष हमने भी केंद्र में सरकार चलाई है, देखिए हमारी यूपी की सरकार को आज उप्र में माफिया सर उठा नहीं सकते, गुंडागर्दी करने की हिम्मत अब उनमें नहीं रही. इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, सांसद ढुलू महतो, सांसद दीपक प्रकाश, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत अन्य लोग मौजूद थे





