रामगोपाल जेना/ चक्रधरपुर : मंगलवार को चक्रधरपुर प्रखंड की ईटिहासा पंचायत अंतर्गत उचीबित्ता गांव के जोजोडीह टोला में ग्राम मुंडा सुखलाल सोय की अध्यक्षता में ग्रामीणों की एक बैठक हुई, जिसमें देश आजाद होने के 75 वर्ष बाद भी गांव तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं है, जिससे बारिश के दिनों मं ग्रामीणों को भारी परेशानी होती है. इसके मद्देनजर मुख्य सड़क से कप्तान सोय के घर तक 700 फीट पीसीसी सड़क के निर्माण के साथ ही एक कल्वर्ट का निर्माण कराने का प्रस्ताव आया. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि टोले में 50 से अधिक परिवार रहते हैं, जिनके लिए मात्र एक चापाकल है. इससे एक साल पहले चापाकल को सोलर जलमीनार से जोड़ा गया है, किन्तु कुछ ही माह चलने के बाद जल मीनार खराब हो गई और चापाकल भी दम तोड़ चुका है. उसी चापाकल पर पूरा गांव निर्भर है. इसके मद्देनजर चापाकल की शीघ्र मरम्मत कराने की बात कही गई. गाजीडीह चौक से उचीबित्ता स्कूल तक एक किलोमीटर मिट्टी मुरूम सड़क बरसात में कीचड़ से भर जाती है और उधर से आना-जाना परेशानी भरा होता है. वहीं गांव के गरीबों की सूची बनाकर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़ने, वृद्धा पेंशन का लाभ देने समेत विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान आश्वासन देते हुए समाजसेवी डॉ विजय सिंह गागराई ने कहा कि गांव की सारी समस्याओं को लेकर उपायुक्त से मुलाकात कर पत्र सौंपा जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान करायाजा सके. इस मौके पर लखींद्र सोय, बीरबल हेंब्रम, रामराय सोय, मनोहर हेंब्रम, पिंकी सोय, धानसिंह सोय, दुर्गा हेंब्रम, संजय हेंब्रम, बागुन हेंब्रम, गौरा हेंब्रम, कप्तान सोय समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.











