
रामगोपाल जेना,चाईबासा: चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश का रविवार को चाईबासा शहर में भव्य विजय जुलूस निकाला गया. ढोल-नगाड़ों, आतिशबाज़ी और समर्थकों के जयघोष के बीच पूरा शहर जश्न के माहौल में डूबा रहा.
जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ विभिन्न चौक-चौराहों तक पहुंचा, जहां जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया. युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की भीड़ ने इस जीत को ऐतिहासिक बताया.विजय जुलूस के दौरान अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा “यह जीत मेरी नहीं, चाईबासा की जनता की जीत है. (नीचे भी पढ़े)

मैं सभी मतदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. आपने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस पर खरा उतरना मेरी पहली प्राथमिकता होगी.उन्होंने आगे कहा कि वार्ड से लेकर पूरे नगर परिषद क्षेत्र में सड़क, स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और युवाओं के लिए रोजगार जैसे मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा.पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ चाईबासा को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे. वार्ड स्तर पर नियमित जनसुनवाई, साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था में सुधार, डिजिटल सुविधा केंद्र की स्थापना,युवाओं और महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं, विकास कार्यों में पारदर्शिता, चाईबासा में इस ऐतिहासिक विजय जुलूस ने यह संकेत दे दिया है कि आने वाले समय में नगर परिषद क्षेत्र में विकास को नई गति मिलने वाली है.







