
चक्रधरपुर : कोरोना के खतरे के कारण इस साल चक्रधरपुर स्थित बालाजी मंदिर में पंचहानिका ब्रह्मोत्सव का आयोजन नहीं किया जायेगा. आन्ध्रा एसोसिएशन ने यह फैसला लिया है. चक्रधरपुर के बालाजी मंदिर में हर साल धूमधाम से वृहत पूजनोत्सव पंचहानिका ब्रह्मोत्सव का आयोजन किया जाता है. लेकिन वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए यह आयोजन नहीं किया जायेगा. इस बात की जानकारी चक्रधरपुर बालाजी मंदिर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष केटी राव ने दी है. कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण और लॉकडाउन के पालन के कारण एसोसिएशन ने यह निर्णय लिया है. बता दें के आगामी जून महीने में ब्रह्मोत्सव और ध्वजास्ताम्भ प्रतिष्ठा भव्य पूजन समारोह का आयोजन होना था, जिसमें भारी संख्या में भगवान बालाजी के भक्त शामिल होते हैं. विशेषकर दक्षिण भारत के लोगों की चक्रधरपुर में इस पूजनोत्सव में महाजुटान होती है. पांच दिनों तक तिरुपति बालाजी मंदिर से आये पंडित इस पूजनोत्सव कार्य में भाग लेते हैं. लेकिन इस साल यह पूजनोत्सव सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दिया गया है.








