
राजन सिंह
चाकुलिया : कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा की है. लॉकडाउन होने से बहरागोड़ा विस क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान हो रहा है. कोरोना वायरस के संक्रमण के भय से किसान घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं, जिस कारण खेत में ही किसानों की फसल पड़े-पड़े बर्बाद हो रही है.
चाकुलिया प्रखंड की चालुनिया पंचायत के दुबराजपुर गांव स्थित एक खेत में टमाटर के खेत में मवेशी टमाटर को चरते पाया गया. इससे साफ है कि किसान कोरोना से किस कदर भयभीत हैं. इस बीमारी से सभी भयभीत हैं. ग्रामीण जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं, वरना घर पर ही रह रहे हैं.
गांव की सड़क से लेकर बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है. कोरोना वायरस के कारण किसानों की फसल खेत में ही बर्बाद हो रही है. इससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है. उल्लेखनीय है कि इसी प्रकार पिछले दिनों चाकुलिया के एक गांव में करैला के खेत से संबंधित खबर प्रकाश में आयी थी. खेत में ही करैला पक रहा था. किसान पांच रुपये किलो की दर से करैला बेचने को मजबूर थे.
यहां तक कि इस मौसम में लाख रुपये तक कमाने वाले किसान 15-20 रुपये तक का करैला भी नहीं बेच सके. बावजूद रांचा का एक व्यापारी वाहन लेकर गांव में खरीदारी करने आया, तो चेतावनी देकर भगा दिया गया. अब टमाटर के खेत की खबर प्रकाश में आयी है. लॉकडाउन में यदि यही हाल रहा, तो किसान बेहाल हो जायेंगे. स्थानीय लोगों की मानें, तो इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर भी व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि किसान अपनी फसल को बाजार तक पहुंचा सकें.








