रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : सोंगरा वन क्षेत्र के वन कर्मियों को लगातार दूसरे दिन अवैध लकड़ी जब्त करने में सफलता मिली है. गुरुवार को सोंगरा वन क्षेत्र के वन कर्मियों ने बंदगांव के टेबो थाना क्षेत्र के बिंदा गांव से ट्रक पर लदा साल का 62 पीस बोटा जब्त किया था. वहीं दूसरे दिन शुक्रवार को भी बंदगांव के टेबो थाना क्षेत्र से गुप्त सूचना पर साल लकड़ी का 40 पीस चौखट जब्त किया है. (नीचे भी पढ़ें)
फॉरेस्टर गुमदी मुर्मू के अनुसार गुरुवार रात उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कांडेयांग व बिंबू गांव में साल की लकड़ी काटकर रखी गई है. इसके बाद उन्होंने शुक्रवार अहले सुबह वन कर्मियों के साथ छापेमारी करते हुए 40 पीस साल लकड़ी का चौखट जब्त किया. इस दौरान लकड़ी माफिया फरार हो गए. वनपाल गुमदी मुर्मू ने बताया कि पकड़ी गई लकड़ी के साथ सात आरी व चार कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है. जब्त की गई लकड़ी की कीमत लगभग 20 से 30 हजार रुपए आंकी जा रही है.





