
चाईबासा : कोरोना काल में फंसे राज्य के प्रवासी मजदूरों को लाने के लिए केंद्र सरकार व राज्य सरकार द्वारा श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. इसका उद्देश्य प्रवासी मजदूरों को अपने गृह जिला में असानी से पहुंचाया जाना है. लेकिन दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल के मुख्यालय में शनिवार को बड़ी लापरवाही देखने को मिली. श्रमिक स्पेशल ट्रेन से आ रहे मजदूरों नें ट्रेन को अवैध रूप से चेन पुलिंग कर रोक दिया और उतर कर जहां-तहां भागने का प्रयास किया. हलांकि श्रमिक स्पेशल ट्रेन से उतर कर भागने वाले 17 मजदूरों को चक्रधरपुर रेल मंडल के रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने धर दबोचा और सभी मजदूरों से पूछताछ कर रही है. बताया गया कि ट्रेन की चेन खींच कर भागे बंगाल के 17 प्रवासी मजदूर थे तथा श्रमिक स्पेशल ट्रेन मुंबई से बिहार जा रही थी.
चक्रधरपुर स्टेशन में चेन खींच कर ट्रेन को बंगाल के प्रवासी मजदूरों ने रोका, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलते ही उन्हें स्थानीय लोगों ने रोका और आरपीएफ के हवाले कर दिया. बिहार की ट्रेन में चढ़ने व चेन खींच कर बंगाली प्रवासियों के उतरने के मामले की जांच में आरपीएफ व रेलवे अधिकारी जुट गये हैं. ज्ञात हो की प्रवासी मजदूरों को क्वारंटाइन सेंटर में बेहतर सुविधा के साथ सुरक्षित रखने के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त अरवा राजकमल और पुलिस कप्तान इंद्रजीत महथा द्वारा निरंतर प्रयास किया जा रहा है. साथ ही दूसरे राज्यों से आये प्रवासी मजदूरों की समस्यों और कुशलक्षेम को जानने का कार्य भी किया जा रहा है.







