
चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय छात्रा ने खुद के शरीऱ पर केरोसिन तेल डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. परिजनों ने उसे उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस से सीएचसी पहुंचाया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीत मुर्मू ने उसका प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए उसे एमजीएम रेफर कर दिया है. छात्रा की मां ने बताया कि उसकी बेटी घर पर सोयी थी. खटिया के नीचे ढिबरी जल रही थी. ढिबरी फटने से उसके कपड़े में आग लग गई, जिससे वह आग की चपेट में आकर झुलस गई है. वहीं छात्रा ने डॉक्टर को बताया है कि उसने खुद ही अपने शरीर पर केरोसिन तेल उड़ेल कर आग लगाई है. कहा कि वह एक युवक से प्रेम करती है और परिवार वाले किसी दूसरे से उसकी शादी कराना चाहते हैं, जिस कारण उसने खुद के शरीर पर केरोसिन तेल उड़ेल कर आग लगा ली. डॉक्टर मुर्मू ने बताया कि छात्रा का शरीर 60 प्रतिशत जल चुका है और उसकी हालत गंभीर है. उसकी स्थिति को देखते हुए उसे रेफर किया गया है.







