
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की जामुआ पंचायत में विगत एक सप्ताह से 45 हाथियों के झुंड के आने से ग्रामीण दहशत में है. हाथियों का झुंड कई भागों में बंट कर क्षेत्र में विचरण कर रहा है. विगत दो दिन से पंचायत के हरिनिया गांव में हाथियों का दल जमकर उत्पात मचा रहा है. बुधवार और गुरुवार की देर रात हाथियों के झुंड ने गांव में प्रवेश कर उत्पात मचाया. ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की रात लगभग 10 हाथियों का दल पहले किसान हरेंद्र नाथ महतो के सब्जी के खेत में घुसा फसल को तहस-नहस कर दिया. उसके बाद करीब 10 बीघा धान के बिचड़ा (पौधा) को रौंद दिया. प्रभावित किसान चित्तरंजन गिरि, झाड़ेश्वर महतो, बबलू महतो, लखन मांडी, गोराचांद हांसदा व हरेन महतो ने बताया कि उनके खेत में धान का बिचड़ा रोपनी के लिए पूरी तरह तैयार था. वे रोपनी के लिए खेत तैयार कर रहे थे, लेकिन अचानक बीती रात को 10 की संख्या में हाथियों का झुंड ने धावा बोल दिया और उनके खेत के बिचड़ा को पैरों तले रोंद कर बर्बाद कर दिया. उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने हाथियों को गांव से जंगल की ओर भगाने में सफलता पायी.

जंगल पत्ता तोड़ने गये गोरांग गिरि हाथी के चपेट में आने से बचा
ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार को हरिनिया गांव से सटे साल जंगल में हाथी शरण लिए हुए थे. गांव के गोरांग गिरि अपनी बकरी के लिए जंगल से पत्ता तोड़ने गये तो वहां हाथी के सामने आ गया. किसी तरह वह हाथी से बचकर वहां से भाग निकले. गोरांग गिरि ने हाथी से बचने के लिए जंगल में एक गड्डे में कूदकर अपनी जान बचायी. गोरांग गिरि गड्डा में कूदने से जख्मी हो गये हैं. गुरुवार की रात ग्रामीणों ने उन्हें उपचार कराने के लिए 108 एम्बुलेंस से सीएचसी पहुंचाया. डाक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया है. हाथियों का झुंड गांव के जंगल में रहने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

















