चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के गोविंदपुर सोनाहारा और पुराना बाजार स्थित धर्मशाला प्रांगण में लघु उद्योग संघ के साथ हुई बैठक में भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी चन्दना मुर्मू के समर्थन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू एवं जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने संबोधित कर समर्थन करने की अपील की. बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय मतदाता उपस्थित थे. बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और पारदर्शिता की नीति पर कार्य करने वाली पार्टी है. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में मुलभूत सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है. (नीचे भी पढे)

उन्होंने कहा कि चन्दना मुर्मू एक मेहनती, सक्रिय और जनसेवा के प्रति समर्पित प्रत्याशी हैं, जो नगर के विकास को नई दिशा दे सकती हैं. उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि नगर पंचायत में भाजपा समर्थित नेतृत्व आता है, तो विकास कार्यों में तेजी आएगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे चन्दना मुर्मू को भारी मतों से विजयी बनाकर नगर के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करें.(नीचे भी पढे)
मौके पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि भाजपा हमेशा जनहित और विकास की राजनीति करती है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य स्तर पर भाजपा की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है, और नगर पंचायत स्तर पर भी यदि भाजपा समर्थित नेतृत्व को अवसर मिलता है तो विकास होगा. उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे. सांसद ने कहा कि चन्दना मुर्मू जनसमस्याओं से भली-भांति परिचित हैं और उनके नेतृत्व में नगर पंचायत में पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन स्थापित होगा.(नीचे भी पढे)
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास, स्थिरता और जनसेवा के लिए चन्दना मुर्मू को अपना समर्थन दें और उन्हें विजयी बनाकर नगर पंचायत में एक सशक्त नेतृत्व स्थापित करें. पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने भी बैठक को संबोधित किया. इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अभय सिंह, लखन मांडी, मंडल अध्यक्ष पार्थो महतो, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी चन्दना मुर्मू, पूर्व जिला परिषद सदस्य जगन्नाथ महतो,साधन मल्लिक,चंदन महतो समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.















