
राजन सिंह
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्ड में नगर विकास फंड से स्वीकृत लाखों की लागत से निर्मित सामुदायिक शौचालय जागरूकता की कमी और सही स्थल चयन नहीं होने के कारण बंद पड़े हैं. 25 लाख रुपये की लागत से बने शौचालय में 25 रुपये का ताला लटक रहा है. नपं के पदाधिकारी और जन प्रतिनिधियों ने फंड मिलते ही आनन-फानन में नपं क्षेत्र के चार गांव में ताबड़तोड़ सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया, जो आज मात्र दर्शन की वस्तु बन कर रह गया है.

नपं द्वारा नागानल कॉलोनी, मुस्लिम बस्ती, गोविंदपुर और पुरनापानी गांव में लाखों की लागत से सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया, जिसमें मात्र एक ही शौचालय का प्रयोग ग्रामीणों द्वारा किया जा रहा है. चाकुलिया की मुस्लिम बस्ती में निर्मित शौचालय ही चालू है, बाकी तीन शौचालय में ताला जड़ा हुआ है. नागानल कॉलोनी और गोविंदपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे निर्मित शौचालय का बुरा हाल है. इन दोनों शौचालयों के मोटर की अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली है. वहीं शौचालय में लगी सामग्रियों की भी चोरी हो चुकी है. शौचालय में लगे दरवाजे और खिड़कियां टूट चुकी हैं. उक्त दोनों ही शौचालय का निर्माण पूर्ण होने के बाद एक दिन भी ग्रामीणों ने प्रयोग नही किया है.






