
Chakuliya : चाकुलिया प्रखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार द्वारा गरीब परिवारों के बीच नि:शुल्क गैस चूल्हा और सिलेंडर का वितरण किया गया है. लेकिन चूल्हा और सिलेंडर गरीबों के घर की शोभा में वस्तु बनकर रह गया है. ऐसा ही कुछ चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या चार स्थित तड़ंगा के कालिंदी टोला में देखने को मिल रहा है. टोला निवासी राजीव कालिंदी के पत्नी रूपा कालिंदी अपने पीएम आवास के बाहर लकड़ी के चूल्हे पर खाना पकाती दिखीं. जब रूपा कालिंदी से पूछा गया कि क्या आपको सरकार से गैस चूल्हा और सिलेंडर नहीं मिला है, तो उन्होंने बताया कि चूल्हा और सिलेंडर तो सरकार ने दिया है, जो कालिंदी टोला में और दो-तीन परिवारों को मिला है, परंतु उनके समक्ष आर्थिक समस्या है. वे किसी तरह मेहनत-मजदूरी कर अपना और परिवार का पेट भरते हैं. आमदनी उतनी ज्यादा नहीं है कि गैस चूल्हा पर खाना पका सकें. सिलेंडर भराने का पैसा उनके पास नहीं है. सिलिंडर खाली हो गया है. पैसे के आभाव में गैस नहीं भरवा पा रही हैं. इस कारण चूल्हा और सिलेंडर घर में पड़ा है और वे लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रही हैं.







