
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत के मधुपुर गांव के तीन सबर परिवार ग्रामीणों के भय से गांव छोड़कर विगत 4-5 दिन से गांव से सटे 2 किमी दूर फुलपानी पहाड़ पर रह रहे थे. मंगलवार को सूचना पाकर विधायक समीर महंती और पदाधिकारी गांव पहुंचे और सभी परिवार को रेस्क्यू किया और सबरों को गांव लाया गया. बुधवार की सुबह सीओ अरविंद ओझा, बीडीओ लेखराज नाग और थाना प्रभारी अनिल नायक मधुपुर गांव जाकर सबरों की सुधि ली. पदाधिकारीयों ने सबर परिवार को किसी प्रकार की परेशानी है या नहीं की जानकारी ली. सीओ अरविंद ओझा ने ग्रामीणों को कोरोना वायरस संक्रमण को गांव में फैलने से रोकने के लिए विस्तार पूर्वक जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक किया. श्री ओझा ने कहा कि ग्रामीण सोशल डीस्टेंस बनाकर रखें, मास्क पहनकर बाहर निकले, भीड़ भाड़ स्थान पर जाने से बचे और समय समय पर हाथ साबुन या सैनिटाइजर से धोंये. सीओ ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी से सभी मिलकर लड़ें न कि आपस में लड़ें. उन्होंने कहा कि ग्रामीण सरकार और प्रशासन की नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें, तभी कोरोना वायरस को गांव में फैलने से रोक सकते हैं. उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में अगर गांव के किसी भी ग्रामीण को किसी प्रकार की परेशानी हो तो इसकी सूचना विभाग के पदाधिकारी को दें. प्रशासन आपको हरसंभव सहयोग करेगा.















