
जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के आह्वान पर शनिवार को जमशेदपुर में बंद का असर देखा गया. शहरी क्षेत्र में बंद लगभग असरदार रहा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में बंद का असर नहीं देखा गया. राज्य सरकार द्वारा कोरोना की रोकथाम के लिए बनाये गये कुछ नियमों के तहत जारी जुर्माना व दंड के प्रावधान को काला कानून बताते हुए चैंबर ने एकदिवसीय बंद का आह्वान किया था.

इस दौरान जमशेदपुर शहर स्थित बिष्टुपुर, साकची, मानगो, बारीडीह, कदमा, सोनारी, टेल्को, परसुडीह, जुगसलाई समेत अन्य शहरी क्षेत्रों में दुकानें बंद रहीं, जबकि बागबेड़ा, चाकुलिया, बहरागोड़ा व आसपास के हिस्सों में बाजार खुला रहा. उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा एक लाख रुपये जुर्माना व दो साल की जेल का प्रावधान किये जाने को लेकर पिछले दिनों चैंबर की एक बैठक हुई थी.

बैठक में नियम को व्यवसायियों के लिए अनुचित बताते हुए एकदिवसीय बंद का निर्णय लिया गया था. बंद को चैंबर ऑफ कॉमर्स का समर्थन मिला, तो इसके साथ ही भाजपा, आजसू जैसे राजनैतिक संगठनों ने भी समर्थन किया. वहीं बंद के समर्थन में व्यापारी भी सड़कों पर उतरे.







