चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के जयदा मंदिर घाट पर स्वर्णरेखा नदी में डूबे जमशेदपुर के सोनारी पंचवटी नगर, सिद्धू-कान्हू बस्ती जोन नंबर-2 निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार उर्फ बल्लू का शव करीब 24 घंटे बाद नदी से बरामद कर लिया गया. युवक सोमवार शाम नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने के बाद डूब गया था. जानकारी के अनुसार प्रेम कुमार अपने एक दोस्त के साथ जयदा मंदिर घूमने आया था. मंदिर दर्शन के बाद दोनों नदी घाट पहुंचे. इस दौरान प्रेम कुमार नदी में नहाने उतरा, जबकि उसका दोस्त किनारे पर खड़ा होकर मोबाइल से रील बना रहा था. नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी की धारा में समा गया. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलते ही चौका और चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से देर रात तक खोजबीन की गई, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला. मंगलवार को स्थानीय विधायक सविता महतो की पहल पर रांची से एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पहुंची. विधायक ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने प्रशासन को युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

एनडीआरएफ की टीम ने कई घंटे तक स्वर्णरेखा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया. आखिरकार करीब 24 घंटे बाद प्रेम कुमार का शव नदी से बरामद हुआ. शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है.







