जमशेदपुर : 13 साल पूर्व दलमा के जंगलों में झुंड से बिछड़ने के बाद घायल अवस्था में वन विभाग ने मादा हाथी के बच्चे को रेस्क्यू किया था. वन विभाग ने बड़ी मशक्कत के बाद मादा हाथी बच्चे का इलाज कर उसे तंदुरुस्त बनाया और दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी में बड़े शान से उसका पालन- पोषण किया. वन विभाग ने मादा हाथी बच्चे का नाम रजनी रखा. अब रजनी वन्य प्राणी अश्रयणी की शान है. हर साल 7 अक्टूबर को वन विभाग स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर रजनी का जन्मदिन धूमधाम से मानता है जिसमें स्कूली बच्चों की भागीदारी होती है. इस साल भी वन विभाग की ओर से रजनी का 16वां जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
वन विभाग ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य प्रकृति संरक्षण के साथ- साथ जीव- जंतुओं और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना है. मंगलवार को वन विभाग ने रजनी के 16 वें जन्मदिन के मौके पर 16 पाउंड का केक काटा और बच्चों के बीच वितरित किया. इस दौरान रजनी भी बेहद प्रसन्न नजर आ रही थी. रजनी का स्थाई आवास दलमा के मालूकोचा में बनाया गया है. यहां पहुंचते ही सैलानियों का सबसे पहले स्वागत रजनी ही करती है. रजनी को देखने हर दिन लोगों की भीड़ जुटती है. मांगलवार को रजनी के जन्मदिन के मौके पर ईचागढ़ विधायक सविता महतो भी दलमा पहुंची और रजनी के लंबी उम्र की कामना की. उन्होंने रजनी को परिवार का हिस्सा बताया. साथ ही वन विभाग द्वारा रजनी के देखरेख में किये जा रहे कार्यों की सराहना भी की.














