
देवघर : देवघर पुलिस को साइबर अपराधियों के एक बड़े गैंग का उद्भेदन करने में सफलता मिली है. जिले के एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मारगोमुण्डा, पथरौल और पालोजोरी थाना अंतर्गत अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर पुलिस ने 13 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. ग्राहकों से ATM कार्ड या KYC अपडेट करने के नाम पर OTP प्राप्त कर इनके द्वारा उनके खाता से रक़म ट्रांसफर कर ली जाती था. इनके पास से पुलिस ने 23 मोबाइल फोन, 29 सिम, 8 पासबुक, 6 ATM कार्ड और 1 मोटरसाइकिल बरामद किया है. गिरफ्तार अपराधियों में से एक संजय महतो का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. जानकारी देते हुए देवघर के एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधियों से उनके गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी ली जा रही है. हाल के दिनों में देवघर पुलिस को साइबर अपराधियों के गैंग के उद्भेदन में लगातार कामयाबी मिल रही है. एक साथ 13 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है.






