
श्रीबंशीधर नगर (गढ़वा) : श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के बभनी खांड़ डैम में मछली मारने गए चार युवकों की डैम के फाटक के नीचे फंसने से मौत हो गई। मृतक सभी युवक श्रीबंशीधर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड पांच के नयाखाड़ गांव के रहने वाले थे। घटना गुरुवार रात करीब नौ बजे की बतायी जाती है। डैम में डूबने से जिन युवकों की मौत हुई उनमें 25 वर्षीय बबलू उरांव, 25 वर्षीय अनिल उरांव, 17 वर्षीय अमरेश उरांव और 22 वर्षीय नागेंद्र उरांव शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ प्रमोद कुमार केसरी, थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने डैम का फाटक खुलवाने के बाद उसमें फंसे चारों युवकों के शवों को बाहर निकलवाया। चारों युवकों को अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। (नीचे भी पढ़ें)

घटना के संबंध में बताया जाता है कि चारों युवक अन्य पांच साथियों के साथ बभनी खांड़ डैम में मछली मारने गए थे। उसी क्रम डैम से निकलने वाले फाटक के माध्यम से बने जाल लेकर घुसे थे। काफी देर होने के बाद जब बाहर नहीं निकले तो तीन अन्य साथी डैम के फाटक से पानी निकासी के लिए बने भव के अंदर घुस कर आवाज लगायी। काफी देर तक कोई आवाज नहीं मिलने पर उन्होंने अंदर घुसने का प्रयास किया। उसी क्रम में सांस लेने में उन्हें परेशानी होने लगी। उसके बाद तीनों युवक किसी तरह बाहर निकल आए। उसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी। घटना की सूचना मिलने के बाद डैम के आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बाद में इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी युवकों को बाहर निकाला। उसके बाद उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उसके बाद पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। (नीचे भी पढ़ें)
जानलेवा साबित हो रहा है बभनी खांड़ डैम
पिछले महीने तीन सितंबर को बभनी खांड़ डैम में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत हो गयी थी। दोनों बहनें अन्य सहेलियों के साथ बकरी चराने निकली थीं। उसी क्रम में दोनों बहनें डैम में नहाने लगी। नहाने के क्रम में ही दोनों गहरे पानी में चली गई और डूब गई थी। उससे उनकी मौत हो गई थी। मृतकों में थाना क्षेत्र के जंगीपुर गांव निवासी श्याम बिहारी उरांव की 13 वर्षीय बेटी सुमित्रा कुमारी और अशोक उरांव की बेटी मनीषा कुमारी शामिल थी।






