जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन शुरू हो गया है. पहले दिन चार लोगों ने अपना नामांकन पत्र खरीदा है. इसमें पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के बेटे सोमेश चंद्र सोरेन ने भी नामांकन खरीद लिया है. वह जमशेदपुर के गोविंदपुर के घोड़ाबांधा के रहने वाले सोमेश चंद्र सोरेन पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के बेटे है. रामदास सोरेन के देहांत के बाद ही घाटशिला विधानसभा सीट खाली हुई है, जिसको लेकर उपचुनाव हो रहा है. इसको लेकर अब तक यह कयास लगाये जा रहे थे कि सोमेश चंद्र सोरेन प्रत्याशी होंगे या उनकी मां, लेकिन नामांकन फार्म लेकर सोमेश चंद्र सोरेन ने यह जता दिया है कि चुनाव में वे ही उम्मीद है. दूसरी ओर, मुसाबनी के बादिया के लाटिया गांव के रहने वाले रामकृष्ण कांति माहली, गालूडीह के केशरपुर के भुरुडांगा टोला बाघुड़िया निवासी परमेश्वर टुडू और गालूडीह माहुलिया के उलदा गांव निवासी नारायण सिंह ने नामांकन पत्र खरीदा है. नामांकन पत्रों को खरीदने के बाद फिर नामांकन पत्र दाखिल होगा. 21 अक्तूबर तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी होगी. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर, घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में समावेशी मतदान कराते हुए शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में पोस्टल बैलट से मतदान को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक में पोस्टल बैलट के माध्यम से होने वाले मतदान को लेकर निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई. एसेंशियल सर्विसेज श्रेणी में आने वाले विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों का मतदान विधानसभा उप चुनाव के दौरान सुनिश्चित कराने को लेकर कार्यालय प्रधानों को संबंधित आवश्यक प्रक्रिया से अवगत कराया तथा यह निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित कार्यालय प्रधान 14 अक्टूबर तक घाटशिला विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज सभी अधीनस्थों की सूची पोस्टल बैलेट कोषांग में अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होने कहा कि प्रत्येक मतदाता का वोट बहूमूल्य है, कोई भी मतदाता अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित नहीं रहें इसे सुनिश्चित करेंगे. एसेंशियल सर्विसेज श्रेणी में विद्युत सेवा, बीएसएनल, रेलवे, डाक सेवा, दूरदर्शन, प्रसार भारती, दूध सेवा, स्वास्थ्य सेवा, खाद्य सेवा, वायु सेवा, राष्ट्रीय राजपथ सेवा, अग्नि सेवा, एंबुलेंस सेवा एवं मीडिया कर्मी शामिल हैं. संबंधित विभागों द्वारा उपलब्ध कराए गए सूची के आधार पर वैसे अधिकारी एवं कर्मचारी जिनकी वोटिंग के दिन ड्यूटी रहेगी और वे उस दिन वोट देने से वंचित रह सकते हैं, उन्हें पोस्टल बैलट के माध्यम से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया. रिटर्निंग अधिकारी द्वारा फॉर्म 12 डी जारी किया जाएगा, जिसमें आवश्यक जानकारी भरकर पोस्टल बैलेट कोषांग में जमा किये जाने हेतु निर्देशित किया गया.











