
Gudabanda : अंत्योदय कार्डधारी सबर जनजाति के गरीबों के बीच डाकिया योजना के तहत अनाज पहुंचाने की योजना कई साल पूर्व शुरू हुई थी. परंतु गुड़ाबांदा प्रखंड में यह योजना धरातल पर नहीं उतरी थी। सबर डीलरों के यहां जाकर अपने अनाज का उठाव करते थे. बुधवार को पहली बार इस योजना के तहत सबरों के घर आपूर्ति विभाग द्वारा चावल पहुंचाने का काम शुरू हुआ. इसके तहत प्रखंड विकास पदाधिकारी सीमा कुमारी एक वाहन पर चावल लेकर प्रखंड के बालीजुड़ी गांव पहुंचीं. यहां के 56 सबर लाभुकों में से 50 लाभुकों को 35 – 35 किलोग्राम चावल दिया गया. इससे गरीब सबरों को डीलर के यहां जाकर चावल लाने की परेशानी से मुक्ति मिल गई. सबरों ने खुशी का इजहार किया है. बीडीओ सीमा कुमारी ने बताया कि इस गांव में अंत्योदय के 56 सबर लाभुक थे. छह लाभुक किन्हीं कारणों से नहीं आ सके. 50 लाभुकों को चावल प्रदान किया गया. उन्होंने बताया कि इस प्रखंड में अंत्योदय के 567 सबर लाभुक हैं. सभी लाभुकों के घर – घर अनाज पहुंचाया जाएगा.



