
रांची: चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता लालू यादव की जमानत पर सुनवाई टल गई है. अब 9 अक्टूबर को सुनवाई होगी. दरअसल, यह सुनवाई आधी सजा पूरी नहीं होने के कारण टल गई. वहीं, लालू की ओर से चाईबासा वाले मामले में जमानत मांगी गई है. झारखंड हाइकोर्ट में लालू यादव की जमानत याचिका पर आज सुनवाई शुरू हुई थी. मामला जस्टिस अपरेश सिंह की अदालत में सूचीबद्ध था. वहीं, इस मामले में सीबीआइ की ओर से अदालत में शपथ पत्र के माध्यम से जवाब दाखिल किया गया था. इसमें कहा गया है कि हाई कोर्ट से देवघर मामले में लालू को मिली जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है, जो अभी लंबित है. ऐसे में उन्हें जमानत नहीं दी जाए. दरअसल, यह जमानत याचिका जेल में लालू यादव ने ढाई साल से ज्यादा का वक्त गुजार लिया है इस आधार पर दाखिल की गई है. लालू यादव के अधिवक्ता ने इसी को आधार बनाते हुए हाई कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की गई है.






