लखनऊ : ईद उल अजहा यानी बकरीद को लेकर इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है. इसकी जानकारी देते हुए ऐशबाग ईदगाह के मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने बताया कि ईद उल अजहा का त्योहार पूरे देश में 7 जून को मनाया जाएगा. इस संबंध में इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया, लखनऊ ने 12 बिंदु वाली एडवाइजरी जारी की है. बकरीद पर कुर्बानी करना कोई रस्म और रिवाज नहीं है. इन दिनों में अल्लाहताला को कुर्बानी ही सबसे ज्यादा पसंद है. लोग इन दिनों में कुर्बानी जरूर से जरूर करें. (नीचे भी पढ़ें)
मौलाना महली ने कहा कि इस साल 7, 8 और 9 जून को कुर्बानी की जा सकती है. कुर्बानी सिर्फ उन्हीं जानवरों की हो, जिन पर कानूनी पाबंदी नहीं है. उन्होंने कहा कि कुर्बानी के समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें. कुर्बानी किसी पब्लिक प्लेस पर नहीं कर पहले से चिह्नित स्थलों पर ही कुर्बानी की जाय. कुर्बानी गली या सड़क किनारे भी नहीं की जाए. साथ ही कुर्बानी करते समय इस बात का ध्यान रखा जाए और कोई इसकी फोटो या विडियो न बनाये और न ऐसे फ़ोटो या विडियो ही सोशल मीडिया पर डाले जाएं.











