
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच लगभग 15 लाख की आबादी को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती है. वैश्विक महामारी की चपेट में आकर लगभग 700 लोगों की मौत हो चुकी है. सरकार और जिला प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद भी लोग कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं. हालांकि जिला प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है, फिर भी लोग मानने को तैयार नहीं. जिला प्रशासन की ओर से टीम गठित कर शहर के अलग-अलग इलाकों में अभियान भी चलाया जा रहा है. लोगों से जुर्माना भी वसूला जा रहा है. फिर भी लोग नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाकर घूमते नजर आ रहे हैं. लगातार नियम की अनदेखी कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी हो रही है. शुक्रवार को एक बार फिर से दर्जनों लोगों को नियम की अनदेखी करते गिरफ्तार किया गया. सभी को हिरासत में लेकर जमानत पर रिहा कर दिया गया. सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया, कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा. वहीं एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने आम लोगों से कोविड-19 प्रोटोकोल के नियमों का पालन करने की अपील की. उन्होंने बताया, कि शहरवासियों को जिला प्रशासन को सहयोग करना चाहिए, ताकि आम लोगों की जिंदगियों को बचाया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
सिटी एसपी सुभाष चन्द्र जाट एवं एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नन्द किशोर लाल ने पार्क व सड़कों पर मॉर्निंग वॉक करते दिखे लोगों से कहा कि 27 मई तक पूरे राज्य में लागू स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के दौरान पार्क जैसे सार्वजनिक स्थान व सड़कों पर निकलकर मॉर्निंग वॉक करने की अनुमती नहीं है. पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए राज्य सरकार के दिशा निर्देशों से लोगों को अवगत कराया एवं बताया कि घर से बाहर किसी कार्य से निकलते भी हों तो साथ में ई-पास होना आवश्यक है. मॉर्निंग वॉक जैसे कार्य फिलहाल घर पर ही रहकर छत या घर के प्रांगण में करें. सिटी एसपी व एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने शहरी क्षेत्र में विभिन्न पार्क व हाट बाजार का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के दिशा निर्देशों के अनुपालन का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने हाट बाजार में भीड़ नहीं लगाने की चेतावनी दी. दुकानदारों को एक दूसरे से पर्याप्त सामाजिक दूरी बनाते हुए दुकान लगाने के निर्देश दिए साथ ही बिना मास्क कोई ग्राहक आते हैं तो उन्हें सामान नहीं देने की भी सख्त चेतावनी दी. पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण चेन को तोड़ने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह लागू किया है ऐसे में सभी दिशा निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी बनती है. सरकार व जिला प्रशासन कोरोना संक्रमण से आपकी सुरक्षा को लेकर काफी संवेदनशील है ऐसे में आम जनता से भी सहयोग अपेक्षित है ताकि कोरोना संक्रमण का प्रसार कम से कम हो एवं हमारा जिला व राज्य जल्द से जल्द कोरोना संक्रमण से मुक्त हो सके. जिला प्रशासन सभी जिलेवासियों से अपील करता है कि स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह को लेकर जारी राज्य सरकार के दिशा निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें तथा अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलें, नियमित अन्तराल पर अपने हाथों को सैनिटाइज करें व हैंड वाश या साबुन से धोएं. आप सभी के सहयोग से पूर्वी सिंहभूम जिला जल्द कोरोना संक्रमण मुक्त होगा.




