जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला गृह रक्षा वाहिनी लोक सेवक संघ ने जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को एक ज्ञापन सौंप कर उनसे होमगार्ड एक्ट में संशोधन की मांग की है. संघ ने इसी संदर्भ में उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी एक आवेदन पत्र प्रेषित किया है,जिसमें मुख्य रूप से प्रधानमंत्री से कहा गया है कि गृह रक्षक एक कमजोर वर्ग है जो सरकार एवं विभागीय उपेक्षा के कारण आज तिरस्कृत जीवन बिताने पर मजबूर है. इसी मांग के संदर्भ में वर्ष 2023 में सांसद विद्युत वरण महतो एवं तत्कालीन पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सौंपे गये ज्ञापन पर अनुशंसा करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को प्रेषित कर दिया था. उक्त पत्र में प्रधानमंत्री से अनुरोध करते हुए होमगार्ड एक्ट मे थोपे गये स्वयंसेबी शब्द को विलोपित करते हुए होमगार्ड जवानों को राज्य अथवा केंद्रीय कर्मी का दर्जा दिये जाने का आग्रह किया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
पत्र में प्रधानमंत्री के कार्यकाल में बहुत सारे अनुपयोगी कानूनों में बदलाव या संशोधन किये जाने की याद दिलात हुए आजादी के कई दशक बीत जाने के बाद भी झारखंड ही नहीं, पूरे देश के होमगार्ड जवान पूर्व में बने एक्ट में थोपे गए स्वयंसेवी शब्द के कारण गुलामी की जंजीरों में जकड़े हुए हैं. भाजपा सरकार के सबका साथ सबका विकास के नारे को साकार करते हुए होमगार्ड जवानों को इस गुलामी से मुक्त कराने की मांग की है. ज्ञापन में विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार की चर्चा करते हुए पदाधिकारियों द्वारा खुलेआम बिचौलियों के माध्यम से जवानों का शोषण एवं दोहन किया जा रहा है. संघ ने सवाल किया है कि होमगार्ड जवान अपनी व्यथा किसे सुनाएं. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा है कि होमगार्ड जवान विधि व्यवस्था संधारण से लेकर हर विकट परिस्थिति में सरकार एवं विभाग के निर्देशों का पालन कर अपने कर्तव्य का निर्वहन निष्ठापूर्वक करते हैं एवं जरूरत पड़ने पर पुलिस बल के कंधे से कंधा मिलाकर काम करते हैं. लेकिन होमगार्ड जवानों की उपयोगिताओं को दरकिनार कर उनकी न्यायोचित मांगों की ओर किसी का ध्यान नहीं जाता. होमगार्ड जवानों की लगातार उपेक्षा की जा रही है. संघ ने इस मामले को संज्ञान में लेकर इस पर ध्यान केंद्रित कराते हुए होमगार्ड एक्ट में संशोधन कराने का आग्रह किया है. प्रतिनिधि मंडल में जिला अध्यक्ष परितोष महतो, उपाध्यक्ष तपन चंद्र महतो, जिला सचिव भगान हांसदा संगठन, सचिव दुला माहली, प्रवक्ता लखन किस्कू, प्रदेश संगठन सचिव दिनेश कुमार यादव, प्रदेश प्रवक्ता कमल कुमार शर्मा के अलावा अन्य गृह रक्षक शामिल रहे.











