जमशेदपुर : विद्युत विभाग की ओर से पिछले दिनों शहर के विभिन्न हिस्सों में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया. इस क्रम में शहर के सोनारी, सिदगोड़ा और परसुडीह थाना क्षेत्र से कुल 17 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज कराया गया है. इनमें सोनारी थाने में नौ, सिदगोड़ा में पांच और परसुडीह थाने में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. साथ ही विभाग ने कार्रवाई करते हुए टोका लगाये गये तार वगैरह जब्त किया है. आरोपियों में सोनारी थाना क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से गोपाल मुखी, संतोष गोप, रजनी गोप, सोनाथ हांसदा, धर्मेंद्र पांडेय, तपन कर्मकार, कृष्णा कांत गोप, हीरा लाल दास, सरबजीत कौर, सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से अमित चावला, अरुण कुमार, भास्कर कुमार, प्रभाकर कुमा, गौतम घोष तथा परसुडीह थाना क्षेत्र से योगेश राव, रविपात्रा व राजेश तिवारी शामिल हैं. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
बिष्टुपुर में आफिस से लैपटॉप चोरी
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थानांतर्गत गुरुद्वारा बस्ती स्थित एक आफिस से लैपटॉप की चोरी का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में सोनारी के आदर्शनगर निवासी शांतनु दत्ता ने बिष्टुपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. बताया गया है कि उनका आफिस बिष्टुपुर की गुरुद्वारा बस्ती स्थित अयप्पा मंदिर के सामने है. (नीचे भी पढ़ें)
जादूगोड़ा में महिला से मारपीट व धमकी, आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर के जादूगोड़ा थानांतर्गत नरवा पुल के पास महिला से छेड़खानी और विरोध करने पर मारपीट कर धमकी दिये जाने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में जादूगोड़ा के धर्मडीह निवासी पीड़िता ने मानगो के राजमहल निवासी कासिम खान के खिलाफ जादूगोड़ा थाने में मामला दर्ज कराया है. इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी कासिम खान को गिरफ्तार कर लिया है.





