जमशेदपुर : जमशेदपुर के जेम्को आजाद बस्ती की 68 वर्षीया अत्यंत गरीब बुजुर्ग महिला रीना चक्रवर्ती पिछले 9 महीनों से अपनी वृद्धावस्था पेंशन न मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही थीं. बेबसी की हालत में उन्होंने स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता करनदीप सिंह से मदद की गुहार लगाई. मामले की गंभीरता को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता करनदीप सिंह ने तुरंत सोशल मीडिया के माध्यम से जिले के उपायुक्त को इस समस्या से अवगत कराया. उपायुक्त ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया. उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए सामाजिक सुरक्षा विभाग के सहायक निदेशक को मामले की जांच कर अविलंब पेंशन राशि के भुगतान का निर्देश जारी कर दिया है. बुजुर्ग महिला की समस्या के लिए सामाजिक कार्यकर्ता करनदीप सिंह ने जिले के उपायुक्त महोदय को धन्यवाद देते हुए उनका आभार जताया है.




