
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम का 613वां नेत्र शिविर उद्योगपति, समाजसेवी व रेड क्रॉस के पेट्रन दिलीप गोयल के 62वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष की भांति आयोजित किया जायेगा। 11 सितम्बर से 14 सितम्बर तक आयोजित होने वाले मानवता की सेवा के कार्यक्रम की कड़ी में 11 सितम्बर को बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में नेत्र रोगियों के आंखों की जांच की जायेगी तथा उन नेत्र रोगियों में से मोतियाबिन्द ऑपरेशन योग्य नेत्र रोगियों का चयन किया जायेगा तथा अन्य नेत्र रोगियों को जरूरत के अनुसार दवा व चिकित्सीय परामर्श प्रदान कर विदा किया जायेगा। (नीचे भी पढ़ें)
ऑपरेशन के लिए चयन किये गये नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण रविवार 12 सितम्बर को राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के ऑपरेशन थियेटर में जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. विवेक केडिया एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया जायेगा। सोमवार 13 सितम्बर को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच कर उन्हें आवश्यक दवा व चश्मा के साथ आंखों की देखभाल के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान कर विदा किया जायेगा। तीन दिवसीय नेत्र शिविर के समापन के पश्चात 14 सितम्बर दिलीप गोयल के जन्मदिन पर रक्तदान के साथ चार दिवसीय आयोजन का समापन होगा। 14 सितम्बर मंगलवार को डीसी ऑफिस रोड स्थित रेड क्रॉस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन प्रातः 9 बजे से संध्या 3 बजे तक किया जायेगा, जिसमें रक्तदाता बढ़ चढ़कर रक्तदान करेंगे। रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव ने समाजसेवी एवं रक्तदाताओं से आग्रह किया है कि वे उपरोक्त दोनों कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता दर्शायें ताकि जरूरतमंदों को रौशनी और रक्त मिल सके।















