
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत स्टील स्ट्रिप्स कंपनी के पास चाय बेचने वाली महिला गंगा देवी के साथ मारपीट की गई. इस घटना में गंगा के सिर पर चोट आई है. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया. इधर गंगा को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज किया गया. घटना के संबंध में गंगा देवी ने बताया कि वह स्टील स्ट्रिप्स कंपनी के पास चाय बेचकर गुजारा करती है. स्थानीय निवासी चतुर सिंह का बेटा अक्सर उसे फोन कर परेशान करता है. शनिवार की सुबह वह दुकान खोलने पहुंची.उसके थोड़ी देर बाद चतुर सिंह का बेटा भी वहां आ गया. वह उसे परेशान करने लगा. उसने जब इसका विरोध किया तो चतुर सिंह का बेटा वाहन से चला गया. थोड़ी देर बाद चतुर सिंह दुकान पहुंचा और चूल्हे पर चढ़ा सस्पेन उठाकर उसके सिर पर मार दिया और वहां से भाग गया.



