जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 में सोमवार को दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जबकि फायरिंग की चर्चा भी क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया. वहीं एक व्यक्ति को गोली लगने की भी सूचना है, जो एमजीएम अस्पताल में भर्ती है. घायल का नाम गुलाम मो खान (31) है, जो ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 17 का रहने वाला है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा, जिससे आसपास के लोगों और दुकानदारों में भय का माहौल बन गया. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से जुड़े लोगों तथा स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है. क्षेत्र में फायरिंग की चर्चा को लेकर भी पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है. घटना की सच्चाई जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति सामान्य हो गई. एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है.






