जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित पारडीह काली मंदिर के सामने एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. कार चला रही एक महिला ने आरोप लगाया है कि कुछ युवकों द्वारा लगातार पीछा किए जाने के कारण वह घबरा गईं और उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी महिला एक कार ट्रेनर के साथ ड्राइविंग सीख रही थीं. ट्रेनर के मुताबिक, दोनों वेव इंटरनेशनल की ओर से पारडीह की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान पारडीह काली मंदिर के सामने दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक उनकी कार का पीछा करने लगे. महिला और कार ट्रेनर का आरोप है कि युवकों ने कई बार उनकी कार को रोकने की कोशिश की और खिड़कियों पर भी दस्तक दी. इस दौरान महिला घबरा गईं और कार से नियंत्रण खो बैठीं, जिससे कार डिवाइडर से जा टकराई. हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. (नीचे भी पढ़ें)
भीड़ को देखकर पीछा करने का आरोप झेल रहे चारों युवक मौके से फरार हो गए. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार का पीछा क्यों किया जा रहा था और इसके पीछे क्या कारण था. पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी। मानगो पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.







