जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के टाउन हॉल के समीप शनिवार रात करीब 9 बजे एक युवक पर चापड़ से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. हमले में बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, अभिषेक गिरी मानगो से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान टाउन हॉल के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और चापड़ से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल अभिषेक को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायल अभिषेक ने आरोप लगाया है कि घटना के समय उनकी जेब में रखे 10 हजार नकद भी हमले के बाद गायब मिले. उन्होंने अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और देप्पू पर हमला करने का आरोप लगाया है. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, पुलिस ने अभी तक आरोपियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी का कहना है कि इस घटना में अजय रविदास नामक एक अन्य युवक को भी नाक और हाथ में चोट लगी है. लेकिन दोनों घायलों के बयान अलग-अलग हैं. अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही वास्तविक घटना के कारणों का पता चल सकेगा.




