जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-2 निवासी 22 वर्षीय अनिकेत सिंह की गुरुवार रात एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया. घर का एक लौटा चिराग बुझ जाने से घर में मातम पसरा हुआ है. मिली जानकारी के अनुसार अनिकेत गुरुवार सुबह अपनी मां को पड़ोस में रहने वाले दोस्त अक्षित के घर जाने की बात कह कर निकला था. वहां से दोनों अक्षित की स्कूटी से एनएच-33 स्थित पीपला में रहने वाले अक्षित के भाई अनुराग के घर चले गए. वापसी के क्रम में उनकी स्कूटी एमजीएम थाना क्षेत्र के गुरमा के पास खड़े ट्रेलर से टकरा गयी. स्कूटी अनिकेत ही चला रहा था, जबकि पीछे उसके दोस्त का भाई बैठा हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)
इस दुर्घटना में दोनों ही घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अनिकेत की मौत हो गयी. मृतक के पिता प्रफ्फुल कुमार सिंह ने बताया कि उनका बेटा अलकबीर से डिप्लोमा की पढ़ाई करने के बाद गालूडीह से बीटेक कर रहा था और छुट्टी में घर आया हुआ था. वह दोस्त के घर जाने की बात कह कर निकला था. लेकिन रात उन्हें फोन पर दुर्घटना की जानकारी मिली. अस्पताल पहुंचने पर उन्हें बेटे की मौत का पता चला.














