जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के रंग गेट के पास गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए. सभी लोग सरायकेला से एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर सरजामदा लुपुंगटोला लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी सैंट्रो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार बुजुर्ग का बेटा चला रहा था. सुबह के समय अचानक चालक को झपकी आ गई, जिससे उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया. पेड़ से टकराने से पहले कार ने एक बाइक सवार दंपति को भी अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि दंपति को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद वे घर लौट गए.
(नीचे भी पढ़ें)हादसे में कार सवार बुजुर्ग, महिला और बच्चे समेत परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए. घायलों में से बुजुर्ग रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जिन्हें तुरंत रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिवार के दो सदस्यों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.



