
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मरीन ड्राइव स्थित काली मंदिर के पास सोमवार शाम सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्ति की पहचान बारीडीह ट्यूब कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय राजीव रंजन के रूप में की गई. राजीव बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है फिलहाल वह लॉक डाउन पर अपने घर आया हुआ था. सोमवार को वह अमर ज्योति बस से मोतिहारी जा रहा था. बस से जाने के क्रम में अपने बेटी अदिति को उल्टी कराने के लिए वह बस के दरवाजे पर खड़ा था. इसी बीच वह अनियंत्रित होकर बच्ची के साथ बस से गिर पड़ा जिससे बस का पिछला चक्का उसके सिर पर चढ़ गया. इस घटना में बस चालक बस को लेकर फरार हो गया था जिसे पुलिस ने दोमुहानी पुल के पास से पकड़ा. वहीं बच्ची का इलाज टीएमएच अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमजीएम अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है.














