जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी स्थित साईं मंदिर के पास गुरुवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक तेज रफ्तार से आ रही मोटरसाइकिल पर सवार था. सामने से आ रहे एक चारपहिया वाहन से बचने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. सोनारी थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर बताते हुए विशेष निगरानी में रखा है. (नीचे भी पढ़ें)
डॉक्टरों के मुताबिक युवक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि साईं मंदिर के पास का यह क्षेत्र दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील है. यहां सड़क किनारे भीड़, दुकानों के सामने अव्यवस्थित पार्किंग और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं. कई बार शिकायत और चर्चा के बावजूद अब तक यहां स्पीड ब्रेकर या ट्रैफिक सिग्नल जैसी पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई है.



