
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत एनएच-33 स्थित डिमना गोलचक्कर से बायीं ओर स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से डिमना बस्ती डीवीसी कॉलोनी निवासी गुरुचरण लोहार (59) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 59 वर्षीय गुरुचरण लोहार पैदल ही जा रहे थे कि अचानक से एक साढ़ ने उन पर हमला कर दिया और उनको उठाकर फेंक दिया, जिससे वह फेंकाकर एनएच 33 पर जा गिरे. पीछे से एक बड़ा ट्रेलर आ रहा था, जो तेज रफ्तार में था. उसने सीधे बुजुर्ग पर ही गाड़ी चढ़ा दी और भाग निकला. चूंकि, सुबह सात बजे की घटना थी, इस कारण एनएच 33 खाली ही था, जिस कारण गाड़ी भी तेज रफ्तार में भाग निकली. हालांकि, परिजन बता रहे है कि सिर्फ गाड़ी के ही धक्के से यह हुआ है, साढ़ की बात गलत है.
दुर्घटना के बाद एमजीएम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनो को इसकी जानकारी दी. पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के पुत्र ने बताया कि गुरुचरण हर सुबह घर से टहलने के लिए निकलते थे. पैर टूटे होने कि वजह से वह लंगड़ा के चलते थे. शुक्रवार की सुबह भी वह टहलने के लिए निकले थे. सड़क पार करने के दौरान उन्हें एक अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में के लिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. उन्होंने अज्ञात वाहनी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है. वहीं पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन कि जांच करने में जुटी है.







