जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के आकाशदीप प्लाजा के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां ट्रेलर की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है. स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब तेज बारिश हो रही थी. व्यक्ति बाइक से था. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान अनियंत्रित ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपी चालक की पहचान में जुट गई है. साथ ही मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में भी सूचना भेजी गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.




