
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत पीपला मोड़ के पास सोमवार देर रात करीब एक बजे एक अज्ञात वाहन और कार की आमने सामने टक्कर ही गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए. घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना की गश्ती गाड़ी मौके पर पहुंची और कार में मौजूद दो लोगों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां कार चालक रमाई गोप को डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. जबकि कार सवार अजीत गोप गंभीर रूप से घायल हो गया. अजीत का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. दोनों परसुडीह के करनडीह के निवासी बताये जाते हैं. मिली जानकारी के अनुसार देर रात करीब एक बजे दोनों अपनी कार से घाटशिला से शहर की ओर आ रहे थे. पीपला के पास सामने से एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी.





