जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित जूडियो के पास बुधवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना में एक महिला घायल हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जूडियो के सामने एक इनोवा कार बैक हो रही थी, तभी साकची की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक हुंडई कार उसकी चपेट में आ गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि हुंडई कार में सवार संतोषी नामक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी और गाड़ी के अंदर ही फंस गयी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी, लेकिन अफरातफरी के माहौल में कोई भी घायल महिला को बाहर निकालने की हिम्मत नहीं जुटा पाया. इसी बीच इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए हाजी सद्दाम, दानिश, राजा और उनके साथियों ने साहस दिखाया. उन्होंने बिना देर किए क्षतिग्रस्त कार का दरवाजा खोलने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला. स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार, महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है, लेकिन उनका उपचार तेजी से किया जा रहा है. इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सतर्कता की आवश्यकता को उजागर किया है.












