जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत देवघर पंचायत के एनएच-33 मुख्य राजमार्ग स्थित त्रिवेणी अर्थमूवर्स कंपनी के खिलाफ मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर आदिवासी एकता मंच ने आंदोलन तेज कर दिया है. बुधवार को भारी बारिश के बावजूद मंच के कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण कंपनी के मुख्य गेट पर प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों पर डटे रहे. बताया गया कि मजदूरों की समस्याओं और विभिन्न मांगों को लेकर आदिवासी एकता मंच की ओर से कंपनी प्रबंधन को 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया था. निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी प्रबंधन की ओर से मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं किए जाने से नाराज संगठन के सदस्यों ने कंपनी के मुख्य गेट को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
आंदोलनकारियों का कहना है कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर कई बार कंपनी प्रबंधन से वार्ता का प्रयास किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों की मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो मुख्य गेट को अनिश्चितकाल के लिए जाम किया जाएगा. प्रदर्शन में देवघर पंचायत के मुखिया शशि सिंह सरदार, आजसू पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष मंगल टुडू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और आदिवासी एकता मंच के सदस्य शामिल हुए.




