जमशेदपुर : मानगो की उलीडीह बस्ती में आदिवासी समाज के कब्रिस्तान में बुलडोजर चलाकर सड़क एवं नाली के कराये जा रहे निर्माण के विरोध में आदिवासी जन कल्याण समिति ने शनिवार को डेमका सोय के नेतृत्व में डीसी ऑफिस पर प्रदर्शन किया एवं डीसी से मिल कर मामले की शिकायत भी की. (नीचे भी पढ़ें)
डेमका सोय ने बताया कि उलीडीह बस्ती में प्लॉट नंबर 4516, खाता नंबर 908 और प्लॉट नंबर 4394, खाता नंबर 909 पर आदिवासी कब्रिस्तान है. इस कब्रिस्तान में हो, मुंडा, संथाल, कमर एवं तांती बिरादरी के आदिवासी अपने मृत परिजनों के शव दफनाते हैं. लेकिन इस कब्रिस्तान की भूमि के पूरब से पश्चिम दिशा तक सड़क और नाली का निर्माण कराया जा रहा है. इसके लिए बुलडोजर लगाकर कई कब्रों को खोद दिया गया है, जिसको लेकर आदिवासी समाज के लोगों में काफी नाराजगी है.(नीचे भी पढ़ें)
डेमका सोय ने बताया कि जहां सड़क और नाली का निर्माण किया जा रहा है, वहां कई शव दफन हैं. उन्होंने डीसी से मामले की जांच कराते हुए निर्माण कार्य बंद कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने पर आदिवासी समाज आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएगा. डेमका सोय ने कहा कि आज प्रदेश में आदिवासी सरकार है, जिसके मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं, इसके बावजूद आदिवासियों की बात नहीं सुनी जा रही है और उनके कब्रिस्तान पर बुलडोजर चलाया जा रहा है.



