
जमशेदपुर : झारखंड सरकार द्वारा 10 जून से 26 जून तक प्रस्तावित राज्यव्यापी निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष जागरूकता अभियान का शुभारंभ आज पूर्वी सिंहभूम जिला में किया गया. इस मौके पर समाहरणालय परिसर में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई. इसके उपरांत उन्होंने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये प्रचार वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों में भ्रमण कर लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराएंगे तथा जागरूकता संदेश प्रसारित करेंगे. इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके भविष्य, परिवार एवं समाज को भी प्रभावित करता है. इससे मानसिक और शारीरिक दोनों प्रकार की समस्याएं उत्पन्न होती हैं. इस सामाजिक बुराई के खिलाफ हमें मिलकर जागरूकता फैलानी होगी. जिला प्रशासन इस दिशा में सतत प्रयासरत है और समाज के हर वर्ग से सहयोग अपेक्षित है. उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे इस अभियान में भाग लें और नशामुक्त समाज की दिशा में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं. (नीचे भी पढ़ें)

निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता अभियान को लेकर 10 से 26 जून तक विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे जो निम्नवत है-
शिक्षा विभाग – प्रभात फेरी, बच्चों के बीच वाद-विवाद, भाषण, स्लोगन, क्विज, प्ले, संगीत, निबंध प्रतियोगिता तथा माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में साइकिल रैली
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग- ग्राम पंचायत स्तर पर चौपाल आयोजित कर जागरूकता कार्यक्रम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं जेएसएलपीएस समूह द्वारा होम विजिट कर नशे के विरूद्ध जन जागरण, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के हाट-बाजार/मेला/भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जागरूकता अभियान, आंगनबाड़ी केन्द्रों के पोषक क्षेत्रों में चौपाल
श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग – आद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र/ स्किल सेंटर में जागरूकता प्रसार
नगर विकास विभाग- कचरा संग्रहण वाहनों के ध्वनि विस्तारक द्वारा प्रचार-प्रसार, मानव श्रृंखला, पार्कों में जागरूकता प्रसार
पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद विभाग- प्रमुख पर्यटक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम तथा आवासीय, डे बोरिडंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केन्द्रों के खिलाड़ियों के बीच क्रॉस कंट्री दौड़, योग, पेंटिंग, युवा संगोष्ठी/ सेमिनार, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता, जिला व प्रखंड मुख्यालय में योग
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग- एलईडी प्रचार वाहन, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर-बैनर, पंपलेट समेत विभिन्न मीडिया माध्यमों से जागरूकता
स्वास्थ्य विभाग- मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूकता, चिकित्सा-शिक्षा संस्थानों में स्लोगन लेखन/ पोस्टर/ चित्रकला प्रतियोगिता, जिला स्तरीय कार्यशाला



