
जमशेदपुर : जमशेदपुर आजसू में जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह को बदलने की मुहिम चल रही है. इसके तहत पार्टी में बदलाव की मांग तेज हो चुकी है और कन्हैया सिंह को हटाने की मांग भी एक धड़ा करने लगा है. ऐसे लोगों की दलील है कि कई वर्षों से कन्हैया सिंह ही जिला अध्यक्ष है और उनके रहते ग्रामीण इलाके में पार्टी का विस्तार नहीं हो पा रहा है और ना ही संगठन में पूरे जिले में ही कोई नया काम हो रहा है. संस्था या संगठन में जड़ता आ जाये तो फिर उसको बदलाव करना पड़ता है. यहीं वजह है कि इसको बदलने का डिमांड होने लगा है. इसका नजारा सोमवार को भी देखने को मिला. सोमवार को जमशेदपुर के परसुडीह इलाके में कचड़े के मुद्दे पर धरना आहूत की गयी थी. इसमें आजसू के चंद्रगुप्त सिंह, स्वपन सिंहदेव समेत कई नेता पहुंचे थे. पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस भी धरना स्थल पर ही थे. इस धरना का आयोजन करने वाले श्री मलिक ने पोस्टर तो लगाया था, लेकिन उस पोस्टर में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो और रामचंद्र सहिस को छोड़कर किसी और को जगह नहीं दी गयी थी. सिर्फ मानिक मलिक अपनी तस्वीर लगाये थे, जिला अध्यक्ष की तस्वीर नदारद थी. यह पार्टी में चर्चा का विषय बना हुआ है. इसको बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. वैसे कन्हैया सिंह खुद काफी कद्दावर नेता है और आजसू के संगठन पर पकड़ भी है और सुप्रीमो सुदेश महतो के भी करीबी माने जाते है, ऐसे में उनको बदल पाना भी विरोधियों के लिए आसान नहीं होगा. अब आने वाले दिनों में चुनाव संभावित है, ऐसे में आजसू संगठन में नये अध्यक्ष को लेकर भी चर्चाएं तेज हो चुकी है. (नीचे पढ़े 12 दिसंबर को क्या होगा बैठक का एजेंडा)

12 दिसंबर को बुलायी गयी अहम बैठक
दूसरी ओर, आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति द्वारा 12 दिसम्बर रविवार को दोपहर 12 बजे अतिआवश्यक बैठक निर्मल गेस्ट हाउस में रखी गई है. उक्त बैठक में जिला के सभी पदाधिकारीगण, जिला के सभी प्रखंड अध्यक्ष, सचिव, जिला अंतर्गत सभी मण्डल के सभी अध्यक्ष, सचिव जिला के अंतर्गत सभी केंद्रीय पदाधिकारीगण, नगर के वरीय नेतागण, अनुषंगी इकाई के सभी जिला अध्यक्ष, सचिव, महिला, छात्र, पिछड़ा महासभा, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक महासभा, श्रमिक संघ, व्यवसायी मंच, बुद्धिजीवी मंच, किसान संघ समेत सभी मंच महासभा के पदाधिकारीगण को उपस्थित रहने को कहा गया है. उक्त बैठक में पार्टी के प्रधान महासचिव और पूर्व मंत्री रामचन्द्र सहिस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे. इसमें मुख्य रुप से 17 दिसंबर को जिला सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा, 19 दिसंबर को नगर सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा, 21 दिसंबर को जिला मुख्यालय ( उपायुक्त) कार्यालय पर उपवास सह न्याय सभा की तैयारियों पर चर्चा की जायेगी. इसके अलावा झारखण्ड सरकार की नाकामियो को जनता के बीच रखने के लिये ” विश्वासघात दिवस भाग-2″) मनाने पर चर्चा की जायेगी. हालांकि, इसको भी आजसू के संगठनात्मक चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है.



