जमशेदपुर : जमशेदपुर के पी एम मॉल स्थित फूड कोर्ट में निर्गत किये जाने वाले फूड कार्ड को लेकर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने सवाल उठाया है. साथ ही उपायुक्त कार्यालय पहुंच कर इसकी शिकायत की है. पंचायत की ओर से उपायुक्त कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा गया है. इसके माध्यमसे फूड कोर्ट में खाने पीने की वस्तु पर मॉल अथॉरिटी द्वारा गड़बड़ी और ग्राहकों से ठगी करने का आरोप लगाया गया है. बताया गया है कि फूट कोर्ट में कैश पेमेंट और आनलाइन पेमेंट दोनों माध्यम से फूड कार्ड बनाया जाता है. बताया गया है कि कैश पेमेंट कर कार्ड बनाने वाले ग्राहकों का मॉल अथारिटी के द्वारा कार्ड रखकर बचा पैसा वापस कर दिया जाता है, लेकिन ऑनलाइन पेमेंट करने वाले ग्राहकों को कभी भी बचा हुआ पैसा मॉल अथॉरिटी के द्वारा वापस नहीं दिया जाता है और बनाने के एवज में ऑनलाइन पेमेंट करने वालो से कार्ड का 30 रुपया मेकिंग चार्ज काटा जाता है. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
ज्ञापन में कहा गया है कि ऑनलाइन पेमेंट कर फूड कार्ड बनाने वाले ग्राहकों का फूड कार्ड वापस करते समय मॉल अथॉरिटी के द्वारा ग्राहकों के बचे हुए पैसा ऑनलाइन या कैश ग्राहकों को क्यों नहीं वापस किया जाता है. ऐसी स्थिति में कभी-कभी कार्ड की समय अवधि रहते हुए यदि ऑनलाइन कार्ड खरीदने वाले ग्राहक दोबारा मॉल नहीं जाते हैं तो उनका कार्ड निरस्त कर दिया जाता है और पैसे वापस नहीं किए जाते हैं. इस तरह ये दो तरह का रवैया होने से ऑनलाइन ग्राहक फूड कार्ड के माध्यम से ठगी का शिकार हो जाते हैं. इसे लेकर पंचायत की ओर से इसकी जांच कर ग्राहकों को नुकसान से बचाने का आग्रह किया गया है.












