जमशेदपुर : जमशेदपुर के शौकिया फोटोग्राफर सह साहित्यकार नरेश अग्रवाल को अमेरिकन फोटोग्राफिक सोसाइटी की ओर से विशिष्ट सम्मान एमपीएसए प्रदान किया गया है. भारत में अब तक मात्र 40 लोगों को ही यह सम्मान प्राप्त हुआ है, जबकि झारखंड के ये पहले व्यक्ति हैं जिन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया है. यह सम्मान किसी भी छायाकार की कम से कम पन्द्रह सौ तस्वीरें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने योग्य पाई जाने पर प्रदान किया जाता है. इस उपलब्धि के बाद अमेरिकन फोटोग्राफिक सोसायटी द्वारा आयोजित किसी भी अंतरराष्ट्रीय फोटो प्रतियोगिता में उन्हें चयनकर्ता के रूप में शामिल किया जा सकता है. नरेश अग्रवाल के अब तक 4000 छायाचित्र विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में शामिल किये जा चुके हैं. उन्हें 200 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं. फोटोग्राफी उनके लिए पेशा नहीं, बल्कि अपने को जीवंत और ताजा रखने का साधन मात्र है. (नीचे भी पढ़ें)

इन्हें फोटोग्राफिक सोसाइटी, अमेरिका की मान्यता में आयोजित वन क्लिक सर्किट अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चार निर्णायकों के बीच भी स्थान दिया गया है. इस प्रतियोगिता में 25 से 30 देशों के प्रतियोगी भाग लेंगे. उनकी अधिकांश छवियां झारखंड, बंगाल, राजस्थान और ओडिशा के ग्रामीण जीवन पर आधारित हैं. उन्होंने अनेक ग्रामीण जातियों पर विशेष कार्य किया है. वे निरंतर सक्रिय हैं और अपना बहुत सारा समय इस कला को निखारने में लगाते हैं. आशा है भविष्य में उनकी इस कला में और अधिक निखार आएगा.




