जमशेदपुर : बुजुर्गों को समर्पित सामाजिक संस्था जीवन ज्योति बुजुर्गों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “अनुभव बैंक” के नाम से की गई पहल से लगातार वरिष्ठ नागरिक जुड़ते जा रहे हैं. उक्त बातें जीवन ज्योति के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ अरुण कुमार ने मानगो स्थित स्काइ टॉवर में आयोजित संस्था की एक बैठक में कहीं. उन्होंने बताया कि समाज में बुजुर्गों के अनुभव और कौशल को सम्मान देते हुए “अनुभव बैंक” नामक यह पहल की गई है, ताकि उनके ज्ञान और कार्यानुभव का बेहतर उपयोग किया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)

संस्था के महासचिव मनोज मिश्रा ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे वे समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ ही आत्मनिर्भर भी बन सकें. उन्होंने बताया कि “अनुभव बैंक” एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोग अपने कौशल, कार्य अनुभव और रुचियों का पंजीकरण करा सकेंगे. इसके बाद विभिन्न संस्थानों, कंपनियों और सामाजिक संगठनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप अनुभवी व्यक्तियों से जोड़ा जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में उपाध्याय महेश चौबे, आरबी सहाय, रवि शंकर, डॉ शादाब हसन, रश्मि सिन्हा, लाल बाबू चौधरी, एलबी प्रसाद, जीपी मेहता, बीके दास, एसपी श्रीवास्तव, जेके राय सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे. संस्था के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल बुजुर्गों के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ ही समाज में उनके सम्मान और सहभागिता में भी वृद्धि करेगा.







