
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर की दानपेटी और जोन नंबर 3 निवासी स्वदेश दास के घर में घुसकर चोरी करने के मामले में बिरसा नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है. वहीं इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का समान भी बरामद किया है. मिली जानकारी के अनुसार पकड़ाए सभी आरोपी नशे के आदी हैं और नशा करने के लिए छोटी-मोटी चोरी करते रहते हैं. बता दें कि बुधवार को चोरों ने संकट मोचन हनुमान मंदिर की दान पेटी तोड़कर रुपयों की चोरी कर ली थी, वहीं दूसरी ओर स्वदेश दास के भी घर की चहारदीवारी फांद कर चोरों ने लैपटॉप और मोबाइल समेत अन्य सामानों की चोरी कर ली थी.




