
Jamshedpur : जमशेदपुर में भारतीय संस्कृति कला विकास संघ की शाखा जमशेदपुर कलाकार संघ ने गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया. इस दौरान धरने पर बैठी एक युवती बेहोश हो गई. इन कलाकारों का कहना था कि कोरोना काल में लॉकडाउन के बाद बाजार खुल चुके हैं, मॉल खुल चुके हैं, शराब दुकानें तक खुल चुकी हैं, पर कलाकारों का काम को शुरू नहीं हो पा रहा है. काम नहीं मिलने से कई कलाकार आत्महत्या करने की स्थिति में पहुंच चुके हैं.
संघ के दलजीत सिंह दिवाना ने बताया कि कलाकार आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या कर रहे है. इसके लिए जिम्मेदार कौन है. उनको उपायुक्त ने मिलने से मना कर दिया है, जबकि एक विधायक अपने 15 लोगों के साथ अंदर उपायुक्त से मिलने चले गए, पर कालाकारों से मिलने से मना कर दिया गया. अगर उनकी मांगे पूरी नहीं की गई तो वे लोग धरने से नहीं उठेंगे औऱ न ही कार्यालय के अंदर मौजूद लोगों को बाहर आने देंगे. मालूम हो कि अनलॉक के बाद से कई सारे कामों से पाबंदियां हटा दी गई है पर कलाकारों को अभी तक इससे छूट नहीं दी गई है. इस कारण शहर के कलाकार आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं.







